बुंदेलखंड की माटी की सोंधी महक और पारंपरिक तमूरा की तान पर भक्ति गीत गाने वाले लोकगायक सुनील लोधी का सफर इन दिनों हर किसी को प्रेरित कर रहा है. कभी गांव-देहात में भजन गाकर अपनी पहचान बनाने वाले सुनील की आवाज अब बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म 'हनुमान अंश' के जरिए देशभर के सिनेमाघरों और संगीत प्रेमियों के दिलों तक पहुंच चुकी है.

बिना शोर-शराबे के रिलीज हुई फिल्म 'हनुमान अंश' का भजन 'मोरे संकट के कटैया' जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों ने इसके सिंगर की खोज शुरू की. गूगल किया तो लोगों को पता चला कि ये भजन बुंदेलखंड के लोकगायक सुनील लोधी ने गाया है, जो सूरदास की तरह भक्ति में लीन रहते हैं.

यूट्यूब पर 30 करोड़ से ज्यादा व्यूज और इंस्टाग्राम पर कई रील्स इस भजन की वायरल है. तमूरा की धुन पर गाए इस सादे से भजन ने न केवल आम जनता का ध्यान खींचा, बल्कि मुंबई के म्यूजिक वर्ल्ड तक अपनी धमक पहुंचाई है. सुनिल दृष्टिबाधित हैं, लेकिन उनकी कहानी उनकी कमी की कहानी नहीं है बल्कि उनके हुनर की है |

'मोरे संकट के कटैया' वायरल भजन ने सुनील की आवाज को उन लोगों तक पहुंचाया, जो उनसे अब तक अनजान थे. उनकी आवाज म्यूजिक प्रोड्यूसर पंकज तक भी पहुंची. उन्होंने सुनील की रिकॉर्डिंग सुनी. भक्ति भाव से भरी आवाज से वह बेहद प्रभावित हुए. उन्होंने सुनील लोधी के साथ फिल्म 'हनुमान अंश' में काम करने का फैसला किया. लेकिन चुनौती ये थी कि उनसे संपर्क कैसे किया जाए |

पंकज ने काफी मशक्कत के बाद सुनील का फोन नंबर ढूंढा और उनसे बात की. पंकज के एक फोन कॉल ने सुनील लोधी की किस्मत बदल दी. पहली बार अपने गांव और आस-पास के इलाके से बाहर निकलकर सुनील इंदौर पहुंचे. इसके बाद उनका सफर भारत की मायानगरी मुंबई तक जा पहुंचा. मुंबई के'साईं बाबा स्टूडियो' में कदम रखते ही सुनील के सपनों को नए पंख मिले. वहां उन्होंने एक के बाद एक करीब 8 गाने रिकॉर्ड किए. इनमें से नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' का बहुचर्चित गाना 'मैंने तेरे ही भरोसे' रिलीज हो चुका है और दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है |

गाना रिलीज होने के बाद सुनील को देशभर से बधाई के फोन आ रहे हैं. लोगों से यह जानकर कि उनका गाना बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्मों की सूची में शामिल 'हनुमान अंश' के जरिए बेहद लोकप्रिय हो रहा है. वह भावुक और बेहद खुश हैं |

सुनील अब अपनी इस सफलता से आगे बढ़कर संगीत की दुनिया में नए आयाम स्थापित करना चाहते हैं, उनकी ख्वाहिश है कि वह भविष्य में बॉलीवुड के दिग्गज गायकों अरिजीत सिंह और जुबिन नौटियाल के साथ सुर मिलाएं. बुंदेलखंड के इस सीधे-सादे गायक का सफर यह साबित करता है कि अगर प्रतिभा सच्ची हो तो मंजिल खुद-ब-खुद रास्ता तलाश लेती है |

‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा सरप्राइज बनकर उभरी है. पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये कमाए और शुरुआती दो हफ्तों में इसकी कमाई महज 1.48 करोड़ रुपये रही. लेकिन, तीसरे हफ्ते में फिल्म की किस्मत बदल गई. पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के चलते दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचने लगे और तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इसके बाद 22वें दिन 6.25 करोड़ रुपये, 23वें दिन 9.25 करोड़ रुपये और 24वें दिन 12.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई हुई. अब 25वें दिन यानी चौथे सोमवार को फिल्म ने 5.15 करोड़ रुपये नेट कमाए. सैकनिल्क के मुताबिक, इसकी कुल भारत नेट कमाई 45.28 करोड़ रुपये हो चुकी है और ग्रॉस कलेक्शन 53.43 करोड़ रुपये हो गया है |