|

Loading weather...

सीबीएसई स्कूलों में 9वीं-11वीं के टर्म एग्जाम, छात्रों की सूची सीबीएसई पोर्टल पर होगी अपलोड

2026-07-25 07:01:17 | myNoorpur | 20

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में पढऩे वाले 9वीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए अहम बदलाव किया गया है। शिक्षा निदेशालय ने निर्देश जारी कर कहा है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन दोनों कक्षाओं की प्रथम और द्वितीय टर्म परीक्षाएं अब संबंधित स्कूल स्वयं आयोजित करेंगे। साथ ही इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की लिस्ट ऑफ कैंडीडेट्स भी अब हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को नहीं भेजी जाएगी, बल्कि सीधे सीबीएसई पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आदेश के तहत यह व्यवस्था सीबीएसई की परीक्षा उपविधियों और नए पाठ्यक्रम के अनुसार लागू की जा रही है। कक्षा 11वीं की परीक्षाएं पूरी तरह स्कूल स्तर पर होंगी, जबकि कक्षा 9वीं की परीक्षाएं भी सीबीएसई द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार संबंधित विद्यालय ही आयोजित करेंगे। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश दो जून, 2026 को जारी पूर्व निर्देशों के क्रम में जारी किया गया है। इसके तहत सितंबर में कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों की एलओसी सीधे सीबीएसई पोर्टल पर अपलोड की जाएगी और इसके लिए एचपीबोस की कोई भूमिका नहीं होगी। शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों (उच्च शिक्षा) और सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इन निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। नए आदेश के लागू होने से सीबीएसई सरकारी स्कूलों में परीक्षा और विद्यार्थियों के पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया अब सीधे सीबीएसई की व्यवस्था के अनुसार संचालित होगी।