पुलिस थाना डमटाल की टीम ने मंगलवार देर रात गश्त और नाकाबंदी के दौरान इंदौरा मोड़ (पठानकोट-मुकेरियां मार्ग) पर दो संदिग्ध वाहनों को रोका। डमटाल की तरफ से आ रही एक इनोवा कार (नम्बर PB08BL-9788) और एक बिना नंबर की पिकअप गाड़ी की जब तलाशी ली गई, तो उनमें अवैध रूप से ले जाए जा रहे खैर की लकड़ी के कुल 84 मौछे (लॉग) बरामद हुए। पिकअप में 76 और इनोवा में 8 मौछे लदे हुए थे। इसके अलावा गाड़ियों से एक इलेक्ट्रिक कटर, 10 बैटरियां और 3 चेन भी जब्त की गईं।
मौके पर वन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर लकड़ी की पैमाइश करवाई गई। आरोपी वाहन चालक और उसमें सवार अन्य लोग लकड़ी के परिवहन से जुड़ा कोई वैध परमिट या दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों वाहनों, उपकरणों और लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर डमटाल थाने में BNS और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
राहुल कुमार, निवासी राम नंगल (तलवाड़ा, मुकेरियां, होशियारपुर)
गुरप्रीत सिंह, निवासी देहरीवाल (बस्सी जलाल, दसूहा, होशियारपुर)
विकास शर्मा, निवासी बनाड़ (होरी देवी, फतेहपुर, कांगड़ा)
गोविन्द, निवासी वार्ड नं. 9, डमटाल (इन्दौरा, कांगड़ा)
बलविन्द्र सिंह उर्फ बन्टी, निवासी धनाड़ा (हटली, फतेहपुर, कांगड़ा)
विशाल, निवासी वार्ड नं. 9, डमटाल (इन्दौरा, कांगड़ा)
अजय कुमार, निवासी इन्दपुर (इन्दौरा, कांगड़ा)
ओम प्रकाश, निवासी इन्दपुर (इन्दौरा, कांगड़ा)
अनिल कुमार, निवासी इन्दपुर (इन्दौरा, कांगड़ा)
इस मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है ताकि इस अवैध तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
