अरनी विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के माननीय चांसलर डा. विवेक सिंह, वाइस चांसलर प्रोफेसर डा. आरके पांडेय, विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथिगण, शिक्षकगण, कर्मचारी व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों के आगमन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि को ध्वजारोहण स्थल तक औपचारिक रूप से एस्कॉर्ट किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके बाद सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण व्यक्त किया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स द्वारा शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। अनुशासन, साहस और देशभक्ति से परिपूर्ण एनसीसी परेड ने सभी उपस्थितजनों को प्रभावित किया। वहीं, एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ समारोह में सक्रिय सहभागिता निभाई।
समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य, कविता-पाठ और गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर अर्नी विश्वविद्यालय के माननीय चांसलर डा. विवेक सिंह ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। माननीय चांसलर डा. विवेक सिंह ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके ज्ञान, नवाचार एवं सकारात्मक सोच से भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को गति मिल सकती है। वाइस चांसलर प्रोफेसर डा. आरके पांडेय ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए राष्ट्र के विकास में युवाओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाने तथा अपने कार्यों के माध्यम से विश्वविद्यालय और राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करने का आह्वान किया
समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा एनसीसी एवं एनएसएस के सक्रिय प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति सम्मान, कत्र्र्तव्यबोध और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ हुआ। अरनी विश्वविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता, शांति, समृद्धि और प्रगति के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।