ब्लॉक समिति इंदौरा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंकुश इंदौरिया ने शुक्रवार को विधिवत पूजा.अर्चना के बाद ब्लॉक समिति चेयरमैन कार्यालय इंदौरा में कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के अवसर पर उनके पिता अशोक इंदौरिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक समिति इंदौरा चेयरमैन सहदेव ठाकुर तथा जिला कांगड़ा जिला परिषद के उपाध्यक्ष अभिमन्यु कनवर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंकुश इंदौरिया को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंकुश इंदौरिया अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के विकास और पंचायतों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे। कार्यभार संभालने के बाद ब्लॉक समिति अध्यक्ष अंकुश इंदौरिया ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह ब्लॉक समिति के माध्यम से क्षेत्र के विकास तथा पंचायतों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। अंकुश इंदौरिया ने अपने राजनीतिक सफर में सहयोग के लिए भाजपा नेत्री एवं इंदौरा की पूर्व विधायक रीता धीमान तथा पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं तोकी पंचायत के प्रधान मोती लाल जोशी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें रीता धीमान और मोती लाल जोशी का बहुत बड़ा योगदान है। दोनों ने उन्हें आगे बढऩे के लिए लगातार मार्गदर्शन और सहयोग दिया।