क्रिप्टो करेंसी, रियल एस्टेट और ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर 55 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद धर्मशाला पुलिस ने साइबर सेल की प्रारंभिक जांच के आधार पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

पुलिस ने आरोपितों सुशील वर्मा, चरण सिंह, महिंदर सिंह और राजेश कुमारी निवासी बुलंदशहर उत्तर प्रदेश (वर्तमान पता टावर बी फ्लैट नंबर 303 तीसरी मंजिल गोदरेज एक्वाहोसली बेंगलुरु) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। धर्मशाला निवासी आनंद अग्रवाल और अरुण कुमार निवासी फरसेटगंज ने शिकायत दर्ज करवाई है कि आरोपितों ने उन्हें निवेश के जरिये कम समय में रकम दोगुनी-तिगुनी करने का झांसा दिया था।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपितों ने उन्हें डिवाइन ब्रिक्स रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड और एफएक्स ट्रेडिंग के माध्यम से निवेश करने के लिए तैयार किया। आनंद अग्रवाल ने अलग-अलग किस्तों में 45 लाख रुपये निवेश किए, जबकि अरुण कुमार ने भी एफएक्स ट्रेडिंग से जुड़े खातों में रकम ट्रांसफर की।