|

Loading weather...

वार मेमोरियल में शहीदों को नमन

2026-08-17 13:18:18 | saurabhpathania1 | 4

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य वार मेमोरियल में देश के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वीर जवानों की शहादत को याद करते हुए यहां श्रद्धांजलि कार्यक्रम सैन्य गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में आयोजित हुआ। योल कमांड के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर राकेश हीरे ने वार मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान योल कमांड के अन्य सैन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश सरकार में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने भी वार मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और राष्ट्र की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को नमन किया।

कार्यक्रम में जिलाधीश कांगड़ा, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा, एसडीएम धर्मशाला सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। वार मेमोरियल डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष कर्नल केकेएस डढ़वाल और गवर्निंग काउंसिल के सदस्यों ने वार मेमोरियल के मुख्य द्वार पर ब्रिगेडियर राकेश हीरे और मंत्री चंद्र कुमार का स्वागत किया। स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री चंद्र कुमार ने वार मेमोरियल परिसर में पौधरोपण भी किया। शहीदों की स्मृति में लगाए गए पौधों ने देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान कर्नल केकेएस डढ़वाल ने मंत्री को वार मेमोरियल के इतिहास, उद्देश्य और इसकी भूमिका की जानकारी दी। साथ ही स्मारक से जुड़ी आवश्यकताओं और समस्याओं से अवगत करवाते हुए उनके समाधान के लिए सहयोग का आग्रह किया। वार मेमोरियल परिसर में सूखे और संभावित रूप से गिरने वाले पेड़ों को लेकर भी चर्चा हुई।