|

Loading weather...

फिन्ना सिंह परियोजना के काम को मिलेगी रफ्तार

2026-08-16 23:51:39 | Saurabh | 6

नूरपुर विधानसभा के तहत सुलयाली क्षेत्र में बन रही लगभग 643.68 करोड़ की फिन्ना सिंह मध्यम सिंचाई परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए 60.26 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है जिससे इस महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजना में निर्माण कार्यों को गति मिलेगी और इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद बंधी है। विभागीय जानकारी के मुताबिक 204.51 करोड़ की लागत से बनने वाली फिंना सिंह मध्यम सिंचाई का शिलान्यास वर्ष 2011 में हुआ था परंतु समय पर पर्याप्त बजट के अभाव में अभी तक पूरी नहीं हो सकी है जिस कारण इसकी रिवाइज निर्माण कॉस्ट बढ़ कर 643.68 करोड़ हो चुकी है। इसे केंद्र द्वारा एआईबीपी‘त्वरित सिंचाई लाभन्वित कार्यक्रम’ के तहत मंजूर किया है जिसमें 90 प्रतिशत केंद्र व 10 प्रतिशत राज्य सरकार ने खर्च करना है। अभी तक इस परियोजना पर लगभग 321.32 करोड़ खर्च हो चुका है जोकि इस सिंचाई परियोजना की कुल लागत का लगभग 50 प्रतिशत है।

विभाग की ओर से परियोजना पर अब तक करीब 321.32 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसमें करीब 17.59 करोड़ रुपये की लागत से डायवर्जन कंक्रीट वियर, करीब 10 करोड़ रुपये की लिंक कनाल, 73.63 करोड़ रुपये की टनल, 11.36 करोड़ रुपये की मेन कनाल तथा करीब 3.20 करोड़ रुपये की लागत से छह एक्वाडक्ट्स का निर्माण पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत बन रहे डैम का करीब 35 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिस पर लगभग 65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। शेष निर्माण कार्य प्रगति पर है। खेतों तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने के लिए वितरण प्रणाली की डी-2 और डी-3 का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है।